बस्सी-भरेड़ी सड़क पर चैंथ खड्ड के पास सड़क बहाली के लिए लगाई जेबीसी मशीन। स्रोत : जागरूक पाठक
जाहू (हमीरपुर)। भारी बारिश के कारण चैंथ खड्ड में पानी का बहाव बढ़ने से बंद हुई बस्सी से तताहर वाया नगरोटा खड्ड बाजार-भरेड़ी सड़क करीब 15 घंटे बाद वाहनों के लिए बहाल कर दी गई।
लोक निर्माण विभाग ने खड्ड में तीन बड़ी सीमेंट पाइप डालकर वैकल्पिक सड़क तैयार की, जिसके बाद छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। इससे हमीरपुर, जाहू और सरकाघाट की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिली है।
चैंथ खड्ड पर 4.52 करोड़ रुपये की लागत से 33.38 मीटर लंबे नए पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए पुराने पुल को हटा दिया गया है और विभाग ने वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक सड़क बनाई थी। मंगलवार शाम करीब सात बजे भारी बारिश के कारण खड्ड में पानी बढ़ने से यह सड़क टूट गई थी।
लोक निर्माण विभाग ने सड़क बहाली का प्रयास किया, लेकिन जेसीबी मशीनों में खराबी आने के कारण काम पूरा नहीं हो सका। बुधवार पूर्वाह्न 11:30 बजे विभाग ने तीन सीमेंट पाइप डालकर पानी की निकासी की व्यवस्था की और सड़क को बहाल कर दिया।
धिरड़ पंचायत प्रधान शशिकांत शर्मा, पलपल पंचायत प्रधान रमेश चंद, पपलाह पंचायत प्रधान सुरेंद्र जरियाल और धमरोल पंचायत प्रधान विजय कुमार सहित स्थानीय लोगों ने नए पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाने और वैकल्पिक सड़क को पक्का करने की मांग की है।
वहीं, लोक निर्माण विभाग भरेड़ी के कनिष्ठ अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि सड़क को ठीक कर वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई है।