अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या।
- फोटो : file photo
उपमंडल बड़सर में इन दिनों सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। रोजाना सैकड़ों मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। क्षेत्र के अस्पतालों की ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
अस्पताल में पहुंच रहे मरीजों में हर तीसरा व्यक्ति सर्दी जुकाम और बुखार से ग्रस्त पाया जा रहा है। मौसम के बदलते मिजाज को इसका मुख्य कारण माना जा रहा है। इसके चलते क्षेत्र के अस्पतालों में सर्दी जुकाम, बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।
चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में बार-बार आ रहे बदलाव से यह रोग फैल रहा है। अस्पताल पहुंच रहे मरीजों में छोटे बच्चे और बुजुर्गों की तादात ज्यादा है। अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों के कारण चिकित्सकों को भी खूब पसीना बहाना पड़ रहा है।
बढ़ती गर्मी में सारा दिन चिकित्सकों को ओपीडी में मरीजों का चेकअप करना पड़ रहा है।
खान-पान का रखें खास ख्याल
चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी है कि बदल रहे मौसम में अपने खान-पान का विशेष ध्यान रखें। फ्रिज के पानी का उपयोग कम करें। खराब सब्जियों का प्रयोग न करें। खाद्य वस्तुओं को ढक कर रखें।
मौसम में आए बदलाव से सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। लोगों को अपने खान-पान पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। पानी भी उबालकर पीएं।
- डॉ. बीके धीमान, बीएमओ, बड़सर