नादौन(हमीरपुर)। शिक्षा खंड नादौन के अंतर्गत तीन वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालों में सीबीएसई पाठ्यक्रम संचालित करने पर रोक लगा दी गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
तीनों राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैल, जलाड़ी और बटराण में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अनुसार ही पढ़ाई होगी। दो सप्ताह पूर्व तीनों स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम संचालित करने की अधिसूचना जारी हुई थी। इससे पूर्व शिक्षा खंड नादौन के आठ स्कूल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धनेटा, बाल व कन्या नादौन, बदारन, अमलैहड़, बड़ा, कांगू व गलोड़ को सीबीएसई पैटर्न में शामिल किया गया था।
इसके उपरांत रैल, जलाड़ी और बटराण स्कूल के भी सीबीएसई में शामिल करने पर अभिभावकों ने मुख्यमंत्री से स्कूलों में प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ही संचालित करने की मांग की थी। अभिभावकों की मांग पर मुख्यमंत्री ने तीनों स्कूलों में आगामी आदेशों तक पूर्व की भांति ही पाठ्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में प्रदेशभर के 100 स्कूल सीबीएसई से संबद्ध हो चुके हैं, जबकि 40 स्कूलों की संबद्धता संबंधी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।