सुबह पैदल दियोटसिद्ध पहुंचा हजारों श्रद्धालुओं का जत्था
संवाद न्यूज एजेंसी
दियोटसिद्ध(हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को 64वें चाले (जत्था) के तहत लुधियाना से आए हजारों श्रद्धालुओं के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने शनिवार रात शाहतलाई में बाबा की चौकी का आयोजन किया। इस दौरान रातभर भजन-कीर्तन के बाद सुबह बारिश के बीच श्रद्धालु शाहतलाई से पैदल यात्रा करते हुए दियोटसिद्ध नगरी पहुंचे।
लुधियाना स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर के गद्दीनशीन संजीव कुमार के नेतृत्व में निकले जत्थे में हजारों श्रद्धालु शामिल रहे। श्रद्धालुओं ने पूरे रास्ते में बाबा के भजनों और जयकारों के साथ अपनी आस्था प्रकट की। श्रद्धालुओं ने बताया कि यह चाला पिछले 64 वर्षों से लगातार निकाला जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु पैदल यात्राकर बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में पहुंचते हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए लंगर और अन्य सेवाओं की भी व्यापक व्यवस्था की गई। मंदिर अधिकारी केशव कुमार ने बताया कि जत्थे में आए श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीके से मंदिर में दर्शन कर पवित्र धूने में आहुतियां डालीं।