श्रद्धालु बाबा बालक नाथ मंदिर की वेबसाइट पर ऑनलाइन ऑर्डर कर सकेंगे और प्रसाद उनके घर तक पहुंचाया जाएगा। इस विशेष प्रसाद पैकेज में बाबा जी को अर्पित किया जाने वाला रोट, पवित्र जल, अखंड धूने की विभूति, चांदी की सिंघी, धूप तथा पवित्र सिंदूर शामिल रहेगा। अंतिम स्वीकृति के बाद प्रसाद की कीमत भी तय की जाएगी। मंदिर ट्रस्ट इस योजना को इंडिया पोस्ट के माध्यम से लागू करेगा, जिससे देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं तक भी बाबा का प्रसाद पहुंच सकेगा।
यह सुविधा तिरुपति बालाजी, माता वैष्णो देवी और जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर शुरू की जा रही है। हिमाचल प्रदेश के किसी भी शक्तिपीठ में अब तक इस तरह की ऑनलाइन प्रसाद वितरण सेवा शुरू नहीं हुई है। ऐसे में बाबा बालक नाथ मंदिर इस सुविधा की शुरुआत करने वाला प्रदेश का पहला मंदिर ट्रस्ट बनने जा रहा है। योजना को अंतिम रूप देने के लिए मंदिर ट्रस्ट के आयुक्त एवं उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं। इंडिया पोस्ट के अधिकारियों के साथ भी इस संबंध में चर्चा हो चुकी है। अब मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्रसाद तैयार करने के लिए वेंडर का चयन किया जाएगा। इसके बाद इंडिया पोस्ट के साथ औपचारिक करार कर जुलाई माह में इस सेवा को शुरू करने का लक्ष्य रखा है।
इंडिया पोस्ट के माध्यम से इस योजना को सिरे चढ़ाने की तैयारी चल रही है। इस संदर्भ में कई बैठकें हो चुकी हैं। जुलाई में फिर बैठक प्रस्तावित है। एक माह के भीतर योजना को अंतिम रूप देकर श्रद्धालुओं को यह सुविधा उपलब्ध करवाने का प्रयास रहेगा। - गंधर्वा राठौड़, उपायुक्त हमीरपुर एवं आयुक्त, बाबा बालक नाथ मंदिर ट्रस्ट