ताल स्कूल में वो दिन पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मुख्यतिथि के साथ उपस्थित छात्राएं।(स्रोत
ताल (हमीरपुर)। विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के उपलक्ष्य पर बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय भोरंज ने वो दिन योजना के तहत बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ताल में स्वास्थ्य और आयुर्वेद विभाग के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. चारु शर्मा ने मासिक धर्म और इससे संबंधित विभिन्न सावधानियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमनदीप शर्मा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को एनीमिया के कारणों, इसके लक्षणों और उपचार के बारे में जागरूक किया। बाल विकास परियोजना अधिकारी जीत राम ने बच्चों के पहले 1000 दिन के महत्व और इस दौरान उनके सही पोषण की आवश्यकता से अवगत करवाया। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
बाल विकास परियोजना अधिकारी ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ताल के प्रधानाचार्य सुभाष धीमान और अन्य शिक्षकों का धन्यवाद भी किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए नारा, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता करवाई गई। भाषण में आयुषी प्रथम, अंजली द्वितीय, सिमरो तृतीय, चित्रकला प्रतियोगिता में ईशा प्रथम, तमन्ना द्वितीय और श्रेया तृतीय और नारा लेखन में आकांक्षा प्रथम, कशिश द्वितीय, राखी पटियाल ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को सामान्य ज्ञान की पुस्तकें और नकद पुरस्कार दिए गए। इस मौके पर वृत्त पर्यवेक्षक रवि कुमार, स्कूल शिक्षक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।