बड़सर के पपलोहल गांव में बुजूर्ग कैलाशो देवी को चारपाई पर घर ले जाते परिजन एवं ग्रामीण (संवाद)
बिझड़ी (हमीरपुर)। सड़कों के जाल के लिए माने जाने वाले हमीरपुर जिले के बड़सर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ददवीं के पपलोहल हरिजन बस्ती को पक्की सड़क सुविधा नसीब नहीं हो पाई है। गांव के लिए बनी कच्ची सड़क बरसात में बह चुकी है। इसका कोई नामोनिशान नहीं बचा है। इस सड़क के मुकम्मल निर्माण की यहां पर मांग उठाई जा रही है ताकि ग्रामीणों को वर्ष के 12 माह सड़क सुविधा मिल सके। गांव के बीमार व्यक्ति को चारपाई में उठाकर ही सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। गर्भवती महिलाओं खासकर बुजुर्गों को गांव से मुख्य सड़क पर जाने में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बुधवार को भी यहां पर बीमार 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को चारपाई पर उठाकर सड़क तक पहुंचाना पड़ा।
यहां पर प्रदेश के हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के दावे हवाई साबित हो रहे हैं। पपलोहल हरिजन बस्ती में बुधवार को 65 वर्षीय कैलाशो देवी की बीते दिनों टांग फ्रेक्चर हो गई थी। उन्हें हमीरपुर हॉस्पिटल से छुट्टी हुई और घर तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को पालकी का सहारा लेना पड़ा। ग्रामीणों धर्म सिंह, विनोद कुमार, सोनू, जोगिंदर सिंह, विमला देवी का कहना है कि वह कई बार पंचायत प्रतिनिधियों से लेकर विधायक तक को गांव में सड़क की समस्या को लेकर अवगत करा चुके हैं। फिलहाल पक्की सड़क सुविधा नहीं बन पाई है। गांव में 8 परिवारों के साथ 60 लोग यहां पर रहते हैं। यह गांव सड़क से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर है। ग्रामीणों का कहना है कि जब कभी भी चुनाव नजदीक आते हैं तो प्रत्याशी गांव में सड़क बनाने के लिए दावे और वादे करते हैं लेकिन चुनाव जीतने के बाद भूल जाते हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी आश्वासन ही देते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव से पहले गांव में सड़क सुविधा का निर्माण न हुआ तो चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
कोट
पंचायत प्रधान सुषमा का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। ग्राम सभा में प्रस्ताव डालकर जल्द ही लोक निर्माण विभाग को भेजा जाएगा।
एसडीएम बड़सर रोहित शर्मा का कहना है कि लोक निर्माण विभाग से इस बारे में जानकारी ली जाएगी। ग्रामीणों को पक्की सड़क सुविधा मिल सके, इसका प्रयास किया जाएगा।
बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल का कहना है कि इस संदर्भ में लोगों ने ज्ञापन भी सौंपे है। औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। शीघ्र ही एस्टिमेट बनवाकर बजट उपलब्ध करवाया जाएगा।