अस्पताल प्रबंधन 153 प्रकार की दवाइयों की मांग निदेशालय भेजी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर में अब दवाइयों की कमी नहीं रहेगी। जल्द ही अस्पताल में 153 विभिन्न प्रकार की दवाइयां पहुंच जाएंगी। अस्पताल प्रबंधन ने दवाइयों की मांग निदेशालय भेजी थी। अस्पताल को प्रथम खेप के रूप में खांसी, जुकाम, जोड़ों के दर्द सहित अन्य दवाइयां मिली हैं। अब दूसरी खेप में करीब 153 विभिन्न प्रकार की दवाइयां मिलेंगी। अस्पताल प्रबंधन की मानें तो अगले सप्ताह में यह दवाइयां मिल सकती हैं।
आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर में रोजाना 100 से 200 के बीच ओपीडी होती है। बीते कई दिनों से यहां पर दवाइयों की कमी हो गई थी। इस कारण मरीजों को दवाइयों के लिए भटकना पड़ रहा था। आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर के एमएस डीएस ठाकुर ने बताया कि अस्पताल में दवाइयों की कमी चल रहीं थी। कुछ दवाइयां मिल गई हैं और करीब 153 विभिन्न प्रकार की दवाइयां जल्द ही पहुंचेगी।
नौ माह से लैब टेक्नीशियन का पद खाली
आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर में लैब टेक्नीशियन का पद भी नौ माह से रिक्त है। इस कारण मरीजों के कई टेस्ट नहीं हो रहे हैं। लोगों को निजी लैबों में महंगे दामों पर टेस्ट करवाने पड़ रहे हैं। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन से जल्द से जल्द पद को भरने की मांग की है। आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर के एमएस डीएस ठाकुर ने बताया कि रिक्त पद बारे उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया है। आउटसोर्स पर एक व्यक्ति के ऑर्डर हुए थे लेकिन उन्होंने ज्वाइन नहीं किया। पुन: उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया गया है।