भोरंज(हमीरपुर)। जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी में शुक्रवार को गो ग्रीन कार्यक्रम के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली जवाहर नवोदय विद्यालय से प्रारंभ होकर बस्सी चौक पहुंची।
इसके उपरांत एसडीएम कार्यालय में विद्यार्थियों की ओर से नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया। एसडीएम भोरंज शशि पाल शर्मा ने भी इस नुक्कड़ नाटक का अवलोकन किया और इस नुक्कड़ नाटक की खूब सराहना की। नुक्कड़ नाटिका गो ग्रीन थीम पर आधारित थी।
स्कूल प्रधानाचार्य विक्रम कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान सातवीं के विद्यार्थियों ने सिविल अस्पताल भोरंज और बस्सी डाकघर की कार्यशैली का भी अवलोकन किया।
अवलोकन के दौरान विद्यार्थियों ने अस्पताल में प्राथमिक उपचार और डाकघर की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
इसके अतिरिक्त नौंवी कक्षा के विद्यार्थियों ने बैंक योजनाओं की जानकारी ली। विद्यालय के वरिष्ठतम शिक्षक वीरेंद्र सैनी ने कह कि बस्ता रहित कार्य दिवस बैग फ्री डे के रूप में गो ग्रीन कार्यक्रम के अंतर्गत इन सारी गतिविधियों का आज आयोजन करवाया गया। संवाद