आज से 20 तक मनाया जाएगा अग्निशमन सेवा सप्ताह : कमांडेंट विनय कुमार
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। इस वर्ष भी 14 से 20 अप्रैल तक मनाए जा रहे अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत जिला हमीरपुर में कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गृह रक्षा विभाग की दसवीं वाहिनी हमीरपुर के कमांडेंट विनय कुमार ने कहा कि इस वर्ष के अग्निशमन सेवा सप्ताह का मुख्य विषय सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज-आग की रोकथाम के लिए एक साथ रखा गया है।
इस सप्ताह के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, विशेषकर, स्कूलों, सरकारी एवं गैर सरकारी अस्पतालों, औद्योगिक इकाइयों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों और अन्य संस्थानों में लोगों को अग्निसुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। इस दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा ऊंचे भवनों का फायर सेफ्टी ऑडिट भी किया जाएगा।