हमीरपुर। जिले में एचआईवी-एड्स को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तीन महीने का विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है।
अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ विभिन्न सरकारी विभागों और सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी बीएमओ को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
अभियान का उद्देश्य एचआईवी से बचाव के साथ लोगों को समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक करना भी है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव, जांच प्रक्रिया और उपचार संबंधी जानकारी दी जाएगी।
स्क्रीनिंग कैंप लगाकर लोगों को एचआईवी जांच के लिए भी प्रेरित किया जाएगा, ताकि संक्रमण की समय पर पहचान और उपचार संभव हो सके। अभियान में विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में स्किट, संवाद, जागरूकता कार्यक्रम और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को एचआईवी-एड्स की तथ्यात्मक जानकारी दी जाएगी। उन्हें बताया जाएगा कि सही जानकारी ही संक्रमण से बचाव का प्रभावी माध्यम है।
क्षेत्र की जरूरत के अनुसार जागरूकता गतिविधियों में बदलाव भी किया जा सकेगा।
कोट
तीन महीने तक चलने वाली इस मुहिम में सभी का सहयोग अपेक्षित है। एचआईवी-एड्स के प्रति समाज में समझ बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
-डॉ. सुनील वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी