बड़ागांव स्कूल में वार्षिक समारोह में विद्यार्थियों को सम्मानित करते मुख्यतिथि। स्रोत: संस्थान
बिझड़ी(हमीरपुर)। राजकीय माध्यमिक पाठशाला बड़ागांव में मंगलवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्याध्यापक संदीप कुमार ने मुख्यातिथि को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। मुख्यातिथि ने कहा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की घोषणा के अनुसार बिझड़ी में लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के उपमंडल कार्यालय खोले जाएंगे।
इससे ढटवाल क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। विधायक ने कहा कि नए बजट में बड़सर विधानसभा क्षेत्र की कई नई बड़ी परियोजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के अन्य विकासात्मक कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। बड़ाग्रां स्कूल में अतिरिक्त कमरों, शौचालयों, बोरवेल और बैडमिंटन कोर्ट के लिए भी धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। क्षेत्रवासियों की बस सेवा की मांग पर विधायक ने कहा कि एचआरटीसी में नई ई-बसें आते ही यहां नई बस सेवा आरंभ की जाएगी। समारोह में विद्यार्थियों ने पहाड़ी नाटी, देश भक्ति गीत, समूह गान, लोक गीत, पंजाबी गिद्दा, भंगड़ा सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्याध्यापक ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर वर्षभर का ब्योरा प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथि ने अपनी ओर से स्कूल को ग्यारह हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की और शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर समारोह में पंचायत प्रधान अनुराधा, उपप्रधान बलराम ठाकुर, महारल के प्रधान विजय कुमार सहित समस्त स्कूल स्टाफ मौजूद रहे।