हमीरपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी की प्रार्थना सभा में मंगलवार को लोक नृत्य एवं चित्रकला प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर डॉ. कुलदीप सिंह चंदेल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य विक्रम कुमार ने कहा कि कोई विद्यालय अपने आप में पूर्ण नहीं है। इसलिए प्रत्येक विद्यालय को एक दूसरे से सीखते सिखाते रहना चाहिए। प्रतियोगिता में आठ स्कूलों के 102 विद्यार्थियों ने भाग लिया। लोक नृत्य प्रतियोगिता में जेएनवी हमीरपुर प्रथम, केवि हमीरपुर द्वितीय एवं ग्रीन वेली पब्लिक स्कूल को तृतीय जबकि चित्रकला प्रतियोगिता कनिष्ठ वर्ग में ग्रीन वेली पब्लिक स्कूल प्रथम, जेएनवी हमीरपुर द्वितीय और केवि हमीरपुर ने तृतीय और वरिष्ठ वर्ग में ग्रीन वेली पब्लिक स्कूल प्रथम, जेएनवी हमीरपुर द्वितीय एवं केवि हमीरपुर ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। इस मौके पर स्कूल उप प्राचार्य समरजीत भाटिया सहित समस्त स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।