भरेड़ी (हमीरपुर)। अवाहदेवी से बुंगा भरेड़ी वाया सरकाघाट सड़क तैयार होने के बावजूद इस मार्ग पर अभी तक बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है। परिवहन निगम अथवा निजी क्षेत्र की कोई बस सुविधा उपलब्ध न होने से क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बस सेवा के अभाव में दियोग, पंजारड़ा, हनोह, नवलाख सहित आसपास के गांवों के लोगों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों और टैक्सियों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इससे लोगों का समय और धन दोनों खर्च हो रहे हैं।
विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नियमित बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
बुंगा स्थित सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक आस्था केंद्र है और हर रविवार बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। बस सुविधा न होने से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम से मांग की है कि अवाहदेवी-बुंगा भरेड़ी वाया सरकाघाट सड़क पर जल्द से जल्द नियमित बस सेवा शुरू की जाए, ताकि स्थानीय लोगों के साथ मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिल सके।