बाईपास मार्ग पर डंगे का निर्माण हुआ पूरा, अब फुटपाथ का होगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
अवाहदेवी (हमीरपुर)। अवाहदेवी कस्बे के सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चल रही विकास परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। बाईपास मार्ग पर डंगा निर्माण का कार्य अब पूरा हो चुका है।
इसके बाद अगले चरण के कार्यों को भी गति दे दी गई है। वर्तमान में पेट्रोल पंप की ओर जाने वाली बाईपास सड़क पर पेबर ब्लॉक का कार्य जारी है। निर्माण एजेंसी ने इसे शीघ्र पूरा करने के प्रयास किए हैं, ताकि सड़क अधिक सुविधाजनक बने।
पेबर ब्लॉक का कार्य पूरा होने के बाद एनएच-03 से अवाहदेवी कस्बे की ओर जाने वाली सड़क के निर्माण एवं सुधार कार्य को शुरू कर दिया जाएगा। संपूर्ण परियोजना पर करीब दो करोड़ 37 लाख रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है।
इसके पश्चात कस्बे के चारों ओर बारिश और अन्य पानी की उचित निकासी सुनिश्चित करने के लिए नालियों के निर्माण का कार्य शुरू होगा। परियोजना के आगामी चरणों में फुटपाथ निर्माण और स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य भी शामिल है।
स्ट्रीट लाइटों का कार्य अंतिम चरण में किया जाएगा, जिससे कस्बे की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ रात्रि के समय लोगों को बेहतर सुविधा और सुरक्षा भी मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया है। योजना के पूर्ण होने से कस्बे की तस्वीर बदलने के साथ-साथ लोगों को बेहतर सड़क, जल निकासी और पैदल चलने की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कोट
अवाहदेवी कस्बे के सौंदर्यीकरण पर कार्य जारी है। जल्द ही संपूर्ण कार्य हो जाएगा।
-चंद्र भानु शर्मा, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग समीरपुर