अवाहदेवी माता मंदिर में लिफ्ट निर्माण के लिए लगा डंगा। संवाद
श्रद्धालुओं को करना होगा और इंतजार, सांसद अनुराग से मांगी वित्तीय सहायता
संवाद न्यूज एजेंसी
अवाहदेवी (हमीरपुर)। शक्तिपीठ अवाहदेवी माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रस्तावित लिफ्ट परियोजना फिलहाल बजट के अभाव में ठहर गई है। करीब 15 माह पहले मंदिर कमेटी ने बुजुर्गों, दिव्यांगों और चलने-फिरने में असमर्थ श्रद्धालुओं को राहत देने के उद्देश्य से लिफ्ट लगाने का निर्णय लिया था। इसके बाद निर्माण कार्य भी पूरी गति से शुरू कर दिया गया था। इसी दौरान वर्ष 2025 में समय से पहले हुई भारी बारिश और भूस्खलन ने परियोजना को बड़ा झटका दिया।
कार्यस्थल पर भारी मात्रा में मलबा आने से निर्माण कार्य रोकना पड़ा। बाद में मलबा हटाने के साथ सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित स्थान पर सुरक्षा दीवारें बनाने का कार्य पूरा किया गया। अब सुरक्षा संबंधी कार्य पूरे होने के बावजूद लिफ्ट निर्माण बजट के अभाव में आगे नहीं बढ़ पा रहा है। ऐसे में बुजुर्गों, दिव्यांगों और पैदल चढ़ाई करने में असमर्थ श्रद्धालुओं को इस सुविधा के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
मंदिर कमेटी के अनुसार लिफ्ट परियोजना पर लगभग तीन करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है। इस राशि की व्यवस्था के लिए कमेटी ने सांसद अनुराग सिंह ठाकुर से वित्तीय सहायता की मांग की है। मंदिर कमेटी के प्रधान रमेश चंद गुलेरिया ने कहा कि लिफ्ट परियोजना को जल्द साकार करने के लिए सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के माध्यम से सहायता मांगी गई है। उन्होंने कहा कि आवश्यक बजट उपलब्ध होते ही लिफ्ट निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया जाएगा, जिससे भविष्य में श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
अवाहदेवी माता मंदिर में लिफ्ट निर्माण के लिए लगा डंगा। संवाद