संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। सदर थाना हमीरपुर के तहत एक बैंक के सहायक प्रबंधक को पुलिस ने चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस टीम ने जब आरोपी सहायक प्रबंधक को पकड़ा तो वह फूट-फूट कर रोने लगा और बोला- नशे की लत का आदी हो चुका हूं।
इसके अलावा पुलिस ने दो अन्य जगहों से सिंथेटिक ड्रग चिट्टा के साथ आरोपियों को काबू किया है। शाम 6 बजे के करीब हमीरपुर पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की।
वहीं, चिट्टे के साथ तीन लोगों के पकड़े जाने से बाजार में हड़कंप मच गया। इनमें से एक आरोपी पर पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज है। आरोपियों को शनिवार अदालत में पेश किया जाएगा।
सदर थाना के तहत डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। आरोपी प्रतापनगर और सलासी के रहने वाले हैं। पुलिस की कार्रवाई में बाल स्कूल हमीरपुर के मैदान के समीप दो आरोपी पकड़े गए हैं, जबकि एक आरोपी को जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर पक्का भरो क्षेत्र में पकड़ा गया है।
तीनों मामलों में अलग-अलग तीन एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों के ड्रग टेस्ट भी किए गए हैं, हालांकि रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है। देर रात यह प्रक्रिया चलती रही। पुलिस की तरफ से बरामद किए गए नशीले पदार्थ की मात्रा स्पष्ट नहीं की पाई है।