नादौन (हमीरपुर)। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर विजय सकलानी ने शुक्रवार सुबह कर्फ्यू ढील के दौरान नादौन पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना प्रभारी प्रवीण राणा तथा एसआई चुनी लाल भी उनके साथ रहे। सकलानी ने हालात का जायजा लेकर पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पंचायतों में लोगों की ओर से की जा रही निगरानी के दौरान ऐसे स्थल पर केवल दो ही लोग होने चाहिए अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ऐसे लोगों को संयम बरतने, सार्वजनिक रास्ते न रोकने व आने जाने वाले लोगों को बेवजह परेशान न करने की सख्त हिदायत दी।
सकलानी ने बताया कि एसपी हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर के निर्देशानुसार क्षेत्र की पंचायतों से आग्रह किया गया है कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में गुप्त रास्तों पर हर प्रकार के लोगों व वाहनों की आवाजाही पर नजर रखें और किसी भी आशंका पर पुलिस को सूचना दें। सकलानी ने बताया कि पुलिस द्वारा पंचायत प्रधानों से आग्रह किया गया है कि उनके क्षेत्र में बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी भी विभाग को दें। शुक्रवार सुबह सकलानी की अगुवाई में पुलिस टीम ने नादौन बस अड्डा तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।