हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में कला संकाय के न्यू प्रवक्ता पदों पर पदोन्नति के लिए टीजीटी कला शिक्षकों को ही अवसर दिया जाए। भर्ती और पदोन्नति नियमों में यह प्रावधान जोड़ने की अपील प्रदेश राजकीय प्रशिक्षित कला स्नातक संघ हमीरपुर ने की है। संघ के जिला अध्यक्ष विजय हीर ने कहा कि प्रदेश में प्रवक्ता न्यू के भर्ती और पदोन्नति नियमों की जोधपुर उच्च न्यायालय और पंजाब उच्च न्यायालय के निर्णय के आधार पर समीक्षा की जानी अपेक्षित है।
पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने टीजीटी से प्रवक्ता पदोन्नति के लिए बतौर टीजीटी उस संकाय में एक वर्ष के शिक्षण अनुभव की शर्त रखने के आदेश दिए हैं और जोधपुर उच्च न्यायालय के निर्णय के अनुसार विज्ञान संकाय में स्नातक शिक्षक जब एमए कला संकाय में कर लेते हैं तो उनको उसके आधार पर प्रवक्ता पदोन्नति के लिए पात्र नहीं माना जा सकता है। हीर ने कहा कि प्रदेश में कला संकाय और विज्ञान संकाय में हो रही पदोन्नतियों में विज्ञान स्नातकों को अधिकतम पद पदोन्नति में मिल रहे हैं और कला संकाय में स्नातक और स्नातकोत्तर शिक्षक बिना पदोन्नति ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। कला संकाय में विशेषज्ञ शिक्षकों को ही कला संकाय में पदोन्नति देने की बजाय विज्ञान विषय में स्नातक शिक्षकों को शीघ्र पदोन्नतियां देने से कला शिक्षक हाशिये पर आ चुके हैं और इस अन्याय के विरुद्ध संघ वैधानिक लड़ाई के लिए भी तैयार है।