हमीरपुर। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय के अधीन एमएसएमई-विकास कार्यालय सोलन ने शुक्रवार को बचत भवन हमीरपुर में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत जागरूकता एवं ऑनबोर्डिंग कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें एडीसी अभिषेक गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित विभिन्न ट्रेड के कारीगरों एवं शिल्पकारों को पीएम विश्वकर्मा योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ इसकी पंजीकरण प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, प्रशिक्षण मॉड्यूल तथा सरकारी लाभ के बारे में भी अवगत करवाया गया। प्रतिभागियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया समझाई गई। इसके अलावा वित्तीय सहायता, टूलकिट सपोर्ट एवं कौशल उन्नयन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी व्यापक चर्चा की गई।
इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग ने कारीगरों एवं शिल्पकारों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से कारीगर एवं शिल्पकारों को केवल वित्तीय मदद ही नहीं मिलती है, बल्कि वे इसके माध्यम से अपने कौशल का उन्नयन भी कर सकते हैं तथा आधुनिक तकनीक को भी अपना सकते हैं। कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ठाकुर भगत नेगी, जिला अग्रणी प्रबंधक कार्यालय के अधिकारी अनिल कुमार, विभिन्न बैंक शाखाओं के अधिकारी और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।