हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर की बैठक शुक्रवार को नगर परिषद की अध्यक्ष सलोचना देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें बीपीएल परिवारों की पात्रता को लेकर प्रमाण पत्र जमा करवाने को लेकर चर्चा की गई। नए आदेशों के अनुसार एक माह तक बीपीएल परिवारों को अपने कागजात प्रस्तुत करने होंगे। यदि एक माह के भीतर कागजात प्रस्तुत नहीं किए तो बीपीएल की सूची से बाहर कर दिया जाएगा।
इसके लिए बाकायदा एक फार्म दिया गया है, उसे भरकर नगर परिषद कार्यालय में जमा करवाना होगा। इसके अलावा दो अक्तूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्म दिवस पर प्रत्येक वार्ड में सफाई अभियान के साथ सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड में सफाई करवाएंगे। इसके बाद टाउन हाल में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। नगर परिषद के उपाध्यक्ष दीप कुमार बजाज ने बताया कि नगर परिषद की बैठक में बीपीएल परिवारों से संबंधित प्रक्रिया के बारे में चर्चा की गई। इसके अलावा दो अक्तूबर को स्वच्छता अभियान के बारे में चर्चा की गई और एक निजी पार्किंग कांप्लेक्स में लगाए जाने वाले व्यापार मेले को लेकर मांगा एनओसी खारिज कर दिया है।