Apply for Inspire Manak Award Scheme by 30 September
हमीरपुर। इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के तहत जिलाभर में विद्यार्थी 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। यह आवेदन 21 जून से शुरू किए गए हैं। स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश होने के कारण अभी तक कम विद्यार्थी ही आवेदन कर पाए हैं। आवेदन के लिए विद्यार्थी ई-एमआईएएस पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। प्रदेश भर के सभी मान्यता प्राप्त सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा छठी से दसवीं तक के विद्यार्थी इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के तहत आवेदन करेंगे।
विद्यार्थियों में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनमें वैज्ञानिक गतिविधियां विकसित करने के लिए यह योजना बनाई गई है। चयनित विद्यार्थियों के बैंक खातों में उनके मॉडल के लिए 10-10 हजार रुपये डाले जाएंगे। चयनित छात्रों की सूची जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक के ई-एमआईएएस पोर्टल लॉग इन पर उपलब्ध कराई जाएगी। अभी तक महज जिलाभर से 57 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक मनजीत सिंह ने कहा कि इंस्पायर मानक अवार्ड योजना 2022-23 के तहत आवेदन शुरू हो गए हैं और विद्यार्थी 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने अध्यापकों से भी विद्यार्थियों की सहायता करने का आग्रह किया, ताकि विद्यार्थी ज्यादा से ज्यादा विज्ञान एवं गणित गतिविधियों में भाग ले सकें।