हाथों से लेख लिखकर दो श्रेणियों में लिया जा सकता है हिस्सा, हजारों का इनाम
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। भारतीय डाक विभाग की ओर से ढाई आखर लेखन प्रतियोगिता आयोजित करवाई जा रही है। दो श्रेणियों में प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। पहले वर्ग में 18 वर्ष की आयु वर्ग तक के प्रतिभागी युवा और दूसरे वर्ग में 18 वर्ष से ऊपर की आयु के प्रतिभागी इसमें भाग ले सकते हैं।
यह प्रतियोगिता 14 दिसंबर तक चलेगी। राष्ट्रीय स्तर की इस पत्र लेखन स्पर्धा का विषय लेखन का आनंद, डिजिटल युग में पत्र का महत्व है। इच्छुक प्रतिभागी इनलैंड लेटर कार्ड में अधिकतम 500 शब्द और ए-4 साइज एनवल्प पेपर में 1000 शब्द तक हिंदीं एवं इंग्लिश स्थानीय भाषा में लिख सकते हैं। केवल हाथ द्वारा लिखे पत्र ही प्रतियोगिता में स्वीकृत किए जाएंगे। प्रतिभागी अपने पत्र को 14 दिसंबर तक अपने नजदीकी डाकघर में जमा करवा सकते हैं।
हिमाचल परिमंडल में सर्वश्रेष्ठ प्रथम पत्र पुरस्कार विजेता को 25 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 10 हजार रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वाले को प्रतिभागी को पांच हजार रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा। चयनित पत्रों को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा।
वहीं, राष्ट्र स्तर पर इस प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ तीन पत्रों को महानिदेशालय डाक विभाग नई दिल्ली द्वारा प्रथम पुरस्कार पाने वाले प्रतिभागी को 50 हजार, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर हासिल करने वाले प्रतिभागी को 10 हजार की नकद राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। उपअधीक्षक मुख्य डाकघर हमीरपुर मंडल संजय ठाकुर ने कहा कि प्रतिभागियों को अपने हाथों से लिखे पत्र अपने नजदीक के डाकघरों में 14 दिसंबर से पहले जमा करवाने होंगे।