हमीरपुर। जिला उद्योग विभाग हमीरपुर ने 89 निवेशकों के आवेदनों को स्वीकृति दे दी है। अब इनके ऋण मामले स्वीकृति के लिए संबंधित बैंकों के पास भेजे गए हैं। उद्योग विभाग ने सात अक्तूबर को विशेष बैठक की थी। इस दौरान विभाग के पास आए 147 ऑनलाइन आवेदनों में से 89 आवेदनों को मंजूरी दी गई थी। 58 आवेदन कागजात पूरे न होने के कारण रद्द हो गए थे।
विभाग की ओर से बैंकों को भेजे गए 89 निवेशक जिले में विभिन्न क्षेत्रों में ट्रेडिंग, विनिर्माण और सर्विस सेक्टर में लघु उद्योग स्थापित कर कार्य करेंगे। इसके लिए विभाग की ओर से 23 करोड़ के ऋण स्वीकृत करवाने के लिए प्रस्ताव संबंधित बैंकों को भेजे हैं। राष्ट्रीयकृत बैंकों की ओर से ऋण लेने की अधिकतम सीमा साठ लाख रुपये तक है।
जिले में निवेशकों के औद्योगिक इकाईयां स्थापित करने से 282 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। जिला उद्योग विभाग के पास छह विकास खंडों में हमीरपुर से 33, नादौन के 17, भोरंज से 12, बमसन से 8, बिझड़ी से 14 और सुजानपुर विकास खंड से पांच निवेशकों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। विभाग ने हमीरपुर ब्लॉक से निवेशकों के बैंकों के समक्ष 7.88 करोड़, नादौन से 3.24 करोड़, भोरंज से 3.21 करोड़, बमसन से 3.30 करोड़, बिझड़ी से 4.18 करोड़ और सुजानपुर से 79 लाख रुपयों के ऋण के प्रस्ताव रखे गए हैं।
ट्रेडिंग, विनिर्माण और सर्विस में ये कार्य हैं शामिल
उद्योग विभाग ने ट्रेडिंग के निवेश में करियाना, गारमेंट्स, हार्डवेयर और इलेक्ट्रिकल का कारोबार शामिल किया गया है। वहीं विनिर्माण में डिटर्जेंट, बेल्डिंग, स्वीट्स, कारपेंटर, डिस्पोजल गिलास निर्माण, सीमेंट, टाइल प्रोडक्ट के निर्माण कार्यों को शामिल किया। सर्विस सेक्टर में सटरिंग वर्क, ब्यूटी पार्लर, डेंटल क्लीनिक, ड्राइक्लीन वर्क, गुड्स कैरियर, ट्राला सर्विस, रेस्तरांं, टेंट हाउस, डीजे म्यूजिक, बैंक और कैटरिंग सर्विस को इसमें शामिल किया गया है।
किसे कितनी रहेगी सब्सिडी
जिला उद्योग विभाग 18-50 वर्ष की महिलाओं और अक्षमों को 35 फीसदी, एससी और एसटी वर्ग के 18 से 45 वर्ष के पुरुषों को 30 फीसदी, 18 से 45 वर्ष के ओबीसी और सामान्य वर्ग के पुरुषों को 25 फीसदी तक की सब्सिडी मुहैया करवा रहा है।
282 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना: महाप्रबंधक
जिला उद्योग विभाग के महाप्रबंधक संदीप कुमार का कहना है कि सात अक्तूबर को बैठक के दौरान 147 आनलाइन आवेदनों के प्रस्तावों पर मंथन हुआ था। इनमें से 89 आवेदनों के कागजात सही पाए गए, जिन्हें स्वीकृति के लिए संबंधित बैंकों को प्रस्तावित कर दिया है। इन निवेशकों के निवेश करने के बाद 282 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। सभी निवेशकों के 23 करोड़ के लोन बैंकों के पास प्रस्तावित हैं। बैंक से मंजूूरी मिलते ही इनके व्यावयाय शुरू हो जाएंगे।