भोरंज (हमीरपुर)। बाल विकास परियोजना भोरंज के तहत ग्राम पंचायत खरवाड़ के आंगनबाड़ी केंद्र बड़ोह में सहायिका के रिक्त पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक और पात्र महिलाएं 14 नवंबर शाम 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय भोरंज में सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ सादे कागज पर आवेदन कर सकती हैं।
साक्षात्कार 15 नवंबर सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय भोरंज में आयोजित किया जाएगा। आवेदन करने वाली महिला की उम्र 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए और न्यूनतम शिक्षा 12वीं पास होना अनिवार्य है। आवेदक आंगनबाड़ी केंद्र बड़ोह के क्षेत्र की स्थायी निवासी होनी चाहिए और उसका परिवार संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए।
परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के साथ आयु, शैक्षणिक योग्यता, परिवार की आय, दिव्यांगता, एससी-एसटी या ओबीसी प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है। आंगनबाड़ी, नर्सरी अध्यापिका, सिलाई अध्यापिका या शिशु पालक के रूप में अनुभव रखने वाली महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता, निराश्रित, बालिका आश्रम की प्रवासिनी या ऐसी विवाहित महिला जिसका पति लापता हो और अधिकतम दो लड़कियों के परिवार से संबंधित महिलाएं भी आवेदन कर सकती हैं। भर्ती प्रक्रिया कुल 25 अंकों के आधार पर आयोजित की जाएगी।