डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में लगाया नोटिस
पूर्व में चार बजे तक लिए जाते थे आवेदन
अब समय घटाया, मेडिकल काउंटर पर लगाया नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में अब एक बजे तक ही दिव्यांगता कार्ड के लिए आवेदन लिए जाएंगे। इसके लिए मेडिकल काउंटर पर नोटिस भी लगा दिया गया है। पूर्व में चार बजे तक आवेदन लिए जाते थे। अब इसके लिए समय घटा दिया गया है। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज में मेडिकल काउंटर पर दिव्यांगता कार्ड के लिए आवेदन लिए जाते हैं। उसके बाद दिव्यांगजन विभिन्न चिकित्सकों के पास जाते हैं। चिकित्सक व्यक्ति की दिव्यांगता को देखते हुए विभिन्न टेस्ट करते हैं और उसी के आधार पर दिव्यांगता कार्ड बनाए जाते हैं। अब यहां पर एक बजे तक ही दिव्यांगता कार्ड बनाने के लिए आवेदन लिए जाएंगे। जो आवेदन आए हैं उनका कार्य पूरा किया जाएगा और बाद में उनपर स्टांप आदि लगाने का कार्य किया जाएगा।
डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में जिलाभर से दिव्यांग अपना कार्ड बनवाने के लिए आते हैं। यहां पर सभी ओपीडी में विशेषज्ञ चिकित्सक मिल जाते हैं। ऐसे में अधिकतर दिव्यांग यहीं पर अपना कार्ड बनवाते हैं। अब कार्ड बनवाने के लिए दिव्यांग व्यक्तियों को एक बजे से पहले ही अपना आवेदन देना होगा। इस बारे में मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय ने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में आवेदन के लिए लोग आते हैं। ऐसे में एक बजे तक उनके आवेदन लिए जाएंगे और उसके बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी।