हमीरपुर। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में जिलाभर के सरकारी स्कूलों में अपना विद्यालय पंजीकरण अभियान चलेगा। स्कूल प्रमुख स्टाफ सदस्यों के साथ घर-घर जाकर स्वयंसेवियों को अपना विद्यालय कार्यक्रम की जानकारी देंगे ताकि स्कूलों के साथ अधिक से अधिक स्वयंसेवियों को जोड़ा जा सके।
विद्यार्थियों के दाखिले के साथ अध्यापक लोगों को विद्याजंलि पोर्टल पर पंजीकरण करवाने, पंजीकरण के उपरांत स्कूलों में करवाए जाने वाले कार्यों में योगदान सहित अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी देंगे ताकि स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा सकें।
वर्तमान में जिलाभर के छह शिक्षा खंडों में 560 स्वयंसेवियों ने सरकारी स्कूलों को गोद लिया है। शेष बचे हुए स्कूलों के साथ स्वयंसेवियों को जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रमुखों को दिशा निर्देश जारी किए हैं।
अपना विद्यालय कार्यक्रम प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी स्कूलों के उत्थान और विद्यार्थियों को सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए शुरू किया है।
अपना विद्यालय कार्यक्रम के साथ स्कूल अध्यापक स्वयंसेवियों को स्कूल की उपलब्धियों और आगामी कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी प्रदान करेंगे।