हमीरपुर। बाल विकास परियोजना टौणी देवी के अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या सहायिका के खाली पदों को भरने के लिए छह जून को अधिसूचना जारी की गई। इसके तहत 11 आंगनबाड़ी केंद्रों में चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। हालांकि, आंगनबाड़ी केंद्रों चमनेड-एक, घुराड़, पंधेड़, करसोह-दो, जंडल और बगवाड़ा-एक में आंगनबाड़ी सहायिका के लिए निर्धारित न्यूनतम संख्या से कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस कारण इनके साक्षात्कार स्थगित कर दिए गए हैं। इच्छुक अन्य पात्र महिलाओं को नियम के अनुसार 15 दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है। सीडीपीओ कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र 14 जुलाई को शाम 5:00 बजे तक सीडीपीओ कार्यालय टौणी देवी में जमा करवा सकती हैं। निर्धारित अवधि में आवेदन करने वाली पात्र महिलाओं के साक्षात्कार 16 जुलाई को सुबह 10:00 बजे एसडीएम कार्यालय हमीरपुर में होंगे। संवाद