हमीरपुर। पशुओं को घर-द्वार पर इलाज उपलब्ध करवाने के लिए मोबाइल वेटरनरी यूनिट की सुविधा दी गई है, लेकिन पशुपालक इसका लाभ बहुत कम ले रहे हैं। एक मोबाइल वेटरनरी यूनिट पर दिन में एक से दो केस ही आ रहे हैं।
जिला हमीरपुर में चार मोबाइल वेटरनरी यूनिट हैं। इसमें नादौन, सुजानपुर, भोरंज और बड़सर में यूनिट स्थापित हैं। पशुपालक टोल फ्री नंबर 1962 पर कॉल करके आपात स्थिति में गंभीर पशु रोगों के उपचार के लिए सेवा प्राप्त कर सकते हैं। यूनिट की समीक्षा के दौरान पाया गया है कि एक मोबाइल वेटरनरी यूनिट में महीने में 30 से 35 पशुओं का उपचार हो रहा है। कभी-कभी यह आंकड़ा 30 से भी कम रह जाता है।
पिछले साल से ही संजीवनी प्रोजेक्ट के तहत एक निजी कंपनी से एमओयू हुआ था। इस पहल के तहत मोबाइल वेटरनरी यूनिट के माध्यम से पशुपालकों को घर-द्वार पर ही पशुओं को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इस दौरान दवाइयां, टीकाकरण, बांझपन परीक्षण सहित अन्य सुविधाएं शामिल हैं। हालांकि यह मोबाइल वेटरनरी यूनिट सुबह 10:00 से शाम 5:00 बजे तक ही कार्य करती है। सरकारी छुट्टी के दिन भी इसकी सुविधा नहीं ली जा सकती है।
कोट
जिला में चार मोबाइल वेटरनरी यूनिट की सेवाएं ली जा रही हैं। लोगों में जागरूकता की कमी के कारण इस यूनिट का अधिक उपयोग नहीं हो रहा है। लोगों को 1962 पर कॉल करके पशुओं का इलाज करवाना चाहिए।
-देवेंद्र लाल कतना, उपनिदेशक, पशुपालन विभाग हमीरपुर