जाहू (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का समापन मंगलवार को हुआ। इस दौरान प्रदेश कौशल विकास निगम के समन्वयक अतुल कड़ोहता बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। स्कूल पहुंचने पर मुख्यातिथि का प्रधानाचार्य तेज सिंह, स्टॉफ व स्वयं सेवियों की ओर से भव्य स्वागत किया गया। अतुल कड़ोहता ने कहा कि समाज में परिवर्तन लाने का कार्य समाजसेवियों ने किया है।
उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेजों में छात्रों में समाज सेवा और जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय सेवा इकाइयों का गठन किया गया है। इस दौरान लड़कों में अनिकेत और लड़कियों में प्रतिक्षा को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी घोषित किया गया। स्वयंसेवियों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य तेज सिंह, एनएसएस प्रभारी पवन ठाकुर ने भी स्वयंसेवियों की ओर से किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। इस दौरान स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष सतीश शर्मा, प्रवक्ता श्रीकांत, विजय राणा, नवीन गौतम, अशोक कुमार, विजय शास्त्री, कमलेश, मीना व अन्य उपस्थित रहे।