बिझड़ी (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत दंदवीं के लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने ब्लॉक के कर्मचारियों पर मनमानी कार्य करने के आरोप लगाए हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने सचिव, तकनीकी सहायक और ग्रामीण रोजगार सेवक के खिलाफ उपायुक्त हमीरपुर को ज्ञापन सौंपा है।
दंदवीं पंचायत प्रधान सुषमा कुमारी, उपप्रधान विनोद कुमार, वार्ड सदस्य कमलदेव, सविता देवी, राजेश कुमार, शीतला देवी और रितिका कुमारी का कहना है कि पंचायत में विकास कार्य तकनीकी सहायक की मनमानी के कारण अटके पड़े हैं। गत वीरवार को मामले की शिकायत जिलाधीश हमीरपुर से की गई है।
प्रतिनिधियों का कहना है कि पंचायत में कोई भी विकास कार्य नहीं हो रहा है। जब कर्मचारियों से काम करवाने की बात की जाती है, तो वे कोई बहाना बनाकर काम को टाल देते हैं। इससे पंचायत में विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। कर्मचारियों के इस व्यवहार से संपूर्ण पंचायत की जनता तंग आ चुकी है। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि इस बारे में खंड विकास अधिकारी कार्यालय बिझड़ी को भी अवगत करवा चुके हैं लेकिन कोई भी कार्रवाई नहीं हो पाई है। मनरेगा में काम न मिलने की वजह से पंचायत वासियों में आक्रोश है।
खंड विकास अधिकारी बिझड़ी सुदर्शन सिंह का कहना है कि इस बारे में लिखित में शिकायत मिली है। अगले सप्ताह बैठक रखी गई है। बैठक के दौरान इस मुद्दे का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।