बड़सर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत महारल के वार्ड नंबर एक काली चीक से साउथ अफ्रीका में स्विमिंग पूल में हुई अमन की मौत के 13 दिन बाद उसकी पार्थिव देह रविवार दोपहर करीब 12 बजे तक पैतृक गांव पहुंचने की उम्मीद है।
अमन की पार्थिव देह को शुक्रवार को विमान से दिल्ली के लिए रवाना किया गया। मृतक अमन के मामा प्यार सिंह और उपेंद्र सिंह ने बताया कि भारतीय दूतावास से मिली जानकारी के अनुसार आवश्यक दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शुक्रवार करीब चार बजे अमन का पार्थिव शरीर विमान के माध्यम से दिल्ली के लिए भेजा गया।
यह लगभग 15 घंटे बाद शनिवार तड़के करीब तीन बजे दिल्ली पहुंचेगा। दिल्ली से एंबुलेंस के माध्यम से पार्थिव देह पैतृक गांव काली चीक के लिए रवाना की जाएगी। लगभग आठ घंटे के बाद एंबुलेंस महारल पहुंचेगी, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गौरतलब है कि 12 अप्रैल को साउथ अफ्रीका में स्विमिंग पूल में डूबने से अमन की मौत हो गई थी। इसके बाद पार्थिव देह को भारत लाने के लिए प्रयास शुरू किए गए।
परिजनों के अनुसार अमन 18 अप्रैल को घर लौटने की योजना बना रहा था। माता-पिता की आंखें अब भी दरवाजे की ओर टकटकी लगाए बेटे के आने की प्रतीक्षा कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि अमन ने कोलकाता में एक लड़की से कोर्ट मैरिज की थी और उसके भारत आने के बाद हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शादी करने की योजना बनाई जा रही थी।