पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के करवाए मेडिकल, छानबीन जारी
पंचायत कार्यालय में असामाजिक गतिविधियों पर एडीसी को दिया ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। विकास खंड सुजानपुर के तहत भेरड़ा पंचायत में शुक्रवार को छुट्टी के दिन पंचायत घर में चार लोगों की मौजूदगी को लेकर विवाद हो गया। भेरड़ा पंचायत की प्रधान अनु देवी ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है।
शिकायत में बजरोल पंचायत की महिला प्रधान और भेरड़ा पंचायत के सचिव समेत दो अन्य सचिवों पर पंचायत कार्यालय में मौजूद रहने और शराब पीने के आरोप लगाए गए हैं।
प्रधान के अनुसार अवकाश के बावजूद पंचायत घर में चार लोग मौजूद थे। इसकी जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचीं। वहां मौजूद लोगों को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई, जिसके बाद मौके पर हंगामा हो गया।
उन्होंने कहा कि जब चारों से पंचायत कार्यालय में बैठने का कारण पूछा गया तो कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। वहीं, जब पंचायत कार्यालय में फ्रीज की जांच की गई तो उसमें बीयर के दो कैन भी मिले हैं।
उन्होंने घटना की सूचना सुजानपुर थाना में दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बयान कलमबद्ध किए।
इसके उपरांत शनिवार को भेरड़ा पंचायत प्रधान की अगुवाई में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल एडीसी अभिषेक कुमार गर्ग से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत पत्र सौंपते हुए आरोपियों से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
कोट
संबंधित पंचायत प्रधान की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर चारों लोगों का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-बलबीर सिंह, एसपी हमीरपुर