हमीरपुर। जिला मुख्यालय स्थित वर्तमान बस स्टैंड आगामी समय में आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। जिला प्रशासन और नगर निगम हमीरपुर ने इसका खाका तैयार कर लिया है। बाईपास में बस स्टैंड के शिफ्ट होने के बाद इस एरिया को शहरवासियों के लिए सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
यहां पर ऑल वेदर स्वीमिंग पुल से लेकर मल्टी स्क्रीन थियेटर की सुविधा शहरियों को मिलेगी। वर्तमान में शहर में कोई ऐसा स्थल नहीं है, जहां पर वीकेंड में मनोरंजन के लिए परिवार जा सकें। ऐसे में इस योजना के सिरे चढ़ने से स्वीमिंग पुल सहित इंडोर खेलों की सुविधा भी यहां पर मिलेगी।
शहर का स्वरूप बदलने और ऐतिहासिक धरोहरों को संजाेने की कड़ी में यह कार्य किया जाना प्रस्तावित है। शहर के विकास के लिए विस्तृत खाका तैयार किया गया है। बाईपास में 98 करोड़ की लागत से बस स्टैंड का निर्माण किया जा रहा है। ऐसे में वर्तमान बस स्टैंड के एरिया का सदुपयोग करने के लिए अभी से योजना तैयार की जा रही है।
150 करोड़ के प्रस्तावित प्रोजेक्ट का खाका नगर निगम और जिला प्रशासन हमीरपुर ने तैयार कर लिया है। इसमें शहर के अन्य ऐतिहासिक स्थलों को विकसित करने के साथ बस स्टैंड के भवन और एरिया का बेहतर प्रयोग किया जाएगा। बस स्टैंड में बनने वाले इस कमर्शियल कांप्लेक्स का थ्रीडी डिजाइन एनआईटी के विशेषज्ञों की ओर से तैयार किया गया है।
एडीसी एवं आयुक्त नगर निगम हमीरपुर अभिषेक गर्ग की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड के अधिकारियों की इस सिलसिले में कई बैठकें हो चुकी हैं। अब प्रारंभिक खाका तैयार कर लिया है। केंद्र सरकार की प्रायोजित इस योजना में प्रदेश के दो जिलों को शामिल किया जाना है। हमीरपुर जिले से नगर निगम का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
एचआरटीसी के अधिकारियों के साथ मिलकर योजना
एडीसी हमीरपुर एवं आयुक्त नगर निगम अभिषेक गर्ग की अध्यक्षता में एचआरटीसी के अधिकारियों के साथ इस सिलसिले में बैठकें हुई हैं। अब इस योजना को सिरे चढ़ाने के लिए प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेजा जा रहा है। योजना को मंजूरी मिलते ही हमीरपुर शहर में लोगों को मनोरंजन का बेहतर केंद्र उपलब्ध होगा। यहां पर योगा सेंटर, मल्टी स्क्रीन थियेटर और डिजीटल लाइब्रेरी, स्नूकर, पूल, कार्ड रूम चेस रूम टेबल टेनिस सहित कई सुविधाओं में विस्तार होगा।
कोट
शहरियों को बेहतर सुविधा देेने के लिए बस स्टैंड को विकसित किए जाने की योजना है। डीपीआर तैयार कर ली गई है। प्रदेश सरकार को मंजूरी के लिए भेजी जा रही है। मौजूदा बस स्टैंड के भवन सहित अन्य एरिया में विभिन्न सुविधाओं का केंद्र विकसित किए जाने की संभावना है।
- अभिषेक गर्ग, एडीसी एवं आयुक्त नगर निगम, हमीरपुर