गलोड़ (नादौन)। कोरोना महामारी से आज देश जूझ रहा है। ऐसे में सात समंदर पार बैठे लंदन में चीफ शेफ जीवन लाल शर्मा ने अपने गांव के लोगों को राहत पहुंचाने के लिए 30 लीटर सैनिटाइजर और 4400 मास्क भिजवाए हैं। इनमें 400 मास्क अपने गांव के लोगों के लिए और 2-2 हजार मास्क और सैनिटाइजर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कश्मीर और टिपर स्कूल के लिए भिजवाए हैं। इन दोनों स्कूलों में जीवन लाल शर्मा ने शिक्षा ग्रहण की है।
जीवन लाल शर्मा ने फोन पर बातचीत में कहा कि वह गांव में पैदा हुए और आज वह लंदन में अपना कारोबार करते हैं। लेकिन, अपने गांव व प्रदेश की इस माटी को वह कभी नहीं भुला सकते। वे चाहते हैं कि उनका देश, प्रदेश व गांव तरक्की करे और कोरोना के संकट को दूर करने में सक्षम हो। उन्होंने भरोसा जताया कि मौजूदा देश की सरकार के मुखिया प्रधानमंत्री मोदी देश को बेहतरीन दिशा की ओर ले जा रहे हैं।
जीवन लाल शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कश्मीर और टिप्पर में गरीब बच्चों के लिए समय-समय पर किताबें, कंप्यूटर और अन्य आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करवाते रहते हैं। जीवन लाल शर्मा की ओर से ऑनलाइन भेजे गए हैंड सैनिटाइजर और 400 मास्क अपने मित्र शिक्षक के माध्यम से वार्ड सदस्य विजय ठाकुर को सौंपे गए। उन्होंने भरोसा जताया कि शीघ्र ही भारत इस त्रासदी से पार पा लेगा।