हमीरपुर। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के एक साल के बाद आखिरकार कृषि उपज विपणन समिति का गठन कर लिया गया है। इस कमेटी के सरकारी और गैर सरकारी सदस्यों की अधिसूचना सरकार की ओर से जारी कर दी गई है। समिति में छह सरकारी, नौ गैर सरकारी व एक नॉन ऑफिशियल ट्रेडर मेंबर नियुक्त किया गया है। नियुक्त किए गए ये सदस्य अब अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू के करीबी को समिति के अध्यक्ष पद की कमान सौंपी जाएगी।
डीसी हमीरपुर हेमराज बैरवा इस समिति के उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। डीसी की तरफ से कमेटी की बैठक बुलाई जाएगी। प्रशासन की निगरानी में समिति के अध्यक्ष का चुनाव नियुक्त किए गए सदस्य करेंगे। लंबे समय से समिति के गठन को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। आखिरकार लोकसभा चुनाव से पूर्व सीएम सुक्खू के निर्देशों पर समिति के सदस्यों की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस समिति के गैर सरकारी सदस्यों में जिले के पांचों विस क्षेत्रों की सहभागिता का भी ध्यान रखा गया है। गैर सरकारी सदस्यों में हर विधानसभा क्षेत्र से नियुक्ति दी गई है। नादौन से संतोष कुमार, सुनील कुमार, रमेश चंद, भोरंज से विजय बन्याल, दीप चंद, सुजानपुर से अशोक राणा व बड़सर से केवल शर्मा व हमीरपुर से अजय शर्मा और सिकंदर कुमार को गैर सरकारी सदस्य जबकि नॉन ऑफिशियल मेंबर में नीलम ठाकुर को नियुक्ति मिली है।
अध्यक्ष पद के लिए अजय शर्मा का नाम आगे
समिति की बैठक के साथ ही अध्यक्ष पद का चुनाव जल्द होने की संभावना है। अध्यक्ष पद की दौड़ में किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अजय शर्मा का नाम सबसे आगे है। वहीं, भोरंज ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल का नाम भी चर्चा में है। अजय शर्मा सीएम सुक्खू के करीबी माने जाते हैं। वह किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष भी हैं। ऐसे में कृषि उपज विपणन समिति हमीरपुर की कमान उन्हें सौंपे जाने की संभावना अधिक है।