सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर में एसडीएम के बाद तहसीलदार, नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी का तबादला कर दिया गया है। चार दिन पहले राज्य सरकार ने प्रदेशभर के हिमाचल प्रशासनिक सेवा अधिकारी स्थानांतरित किए थे। इसमें सुजानपुर उपमंडल में कार्यरत उपमंडल अधिकारी राकेश शर्मा का भी तबादला हुआ था। उन्हें यहां से बदलकर जिला कांगड़ा के धीरा उपमंडल अधिकारी कार्यालय में तैनात किया गया है। उनके तबादले के तीसरे दिन बुधवार को तहसीलदार अशोक पठानिया, नायब तहसीलदार संजय प्रभाकर को भी यहां से बदल दिया गया है। अशोक पठानिया को तहसीलदार नगरोटा बगवां लगाया गया है।
जबकि, नायब तहसीलदार संजय प्रभाकर को संधोल जिला मंडी में तैनाती दी गई है। अशोक पठानिया के स्थान पर अब सुजानपुर में प्रवीण कुमार बतौर तहसीलदार अधिकारी अपनी सेवाएं देंगे। सुजानपुर के थाना प्रभारी ललित महंत को भोरंज का कार्यभार सौंपा गया है। जबकि थाना प्रभारी भोरंज में अब तक सेवाएं दे रहे थाना प्रभारी मस्त राम को सुजानपुर थाना प्रभारी के पद पर तैनात किया गया है। नायब तहसीलदार संजय प्रभाकर के स्थान पर किसी अन्य अधिकारी की तैनाती अभी तक नहीं की गई है।