सुजानपुर (हमीरपुर)। पुलिस थाना सुजानपुर के तहत वार्ड नंबर सात की पार्षद सुमन अटवाल सहित दर्जनों महिलाओं ने 14 दिन पूर्व रेन शेल्टर में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर रोष जताया है। यही नहीं मामले में उचित कार्रवाई न करने का आरोप भी लगाया है। महिलाओं ने कहा कि 3 सितंबर को उनके वार्ड के एक युवक सागर कुमार का शव शहर से 3 किलोमीटर दूर वर्षाशालिका में मिला था। युवक 1 दिन पहले 2 सितंबर दोपहर को गायब हुआ था। जिसकी तलाश परिजन लगातार कर रहे थे। लड़के की मौत की सूचना पुलिस के माध्यम से परिवार को मिली और मौके पर सभी लोग पहुंचे। महिलाओं ने बताया कि युवक की मौत से पहले कौन उसके साथ था, इसकी जांच होनी चाहिए।
महिलाओं ने कहा कि एक युवक पर शक जाहिर किया गया है और उसकी शिकायत उन्होंने थाना सुजानपुर में दी है लेकिन, पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। जिस युवक पर महिलाओं ने शक जाहिर किया है वह खुलेआम घूम रहा है। महिलाओं ने कहा कि सागर जिस दिन गायब हुआ था, शाम करीब 6 बजे तक शहर के ही एक युवक के साथ देखा गया था। उसके बाद अगले दिन उसका शव मिला था। इसके बावजूद पुलिस कार्य नहीं कर रही। मामले की जांच में ढील बरती जा रही है। अगर पुलिस सही ढंग से कार्रवाई नहीं करती है तो इस संदर्भ में महिलाएं थाने का घेराव करेंगी। उधर, मामले की जांच कर रहे सुजानपुर थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री का कहना है कि युवक की मौत किन कारणों से हुई, पुलिस छानबीन कर रही है। जिस युवक पर शक जाहिर किया गया है उसको निरंतर थाने बुलाया जा रहा है। मृतक युवक के फोन डिटेल, व्हाट्सऐप, फेसबुक का भी रिकॉर्ड चेक किया जा रहा है।