चकमोह कॉलेज में छात्रों की मांगों को लेकर प्रदर्शन करते एबीवीपी कार्यकर्ता।
- फोटो : Hamirpur-HP
बड़सर (हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय चकमोह में शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की इकाई चकमोह ने कॉलेज परिसर में छात्रों की समस्याओं को लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी और धरना प्रदर्शन किया। इसमें कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके बाद एबीवीपी इकाई ने प्रधानाचार्य को कॉलेज की समस्याओं के बारे में मांग पत्र सौंपा। इकाई ने मांग की है कि कॉलेज में रिक्त पड़े प्रवक्ताओं के पदों को 15 दिन के भीतर भरा जाए। इकाई सचिव आशुतोष बन्याल ने बताया कि डिग्री कालेज चकमोह में काफी समय से प्रवक्ताओं के पद रिक्त चले हुए हैं। नया सत्र भी शुरू हो चुका है लेकिन, कालेज प्रशासन रिक्त पदों को नहीं भर पाया।
उन्होंने रिक्त पदों को भरने की मांग की है। कॉलेज में दो पद रसायन विज्ञान, दो पद गणित और एक पद समाज शास्त्र प्रवक्ता का रिक्त है। वहीं, कॉलेज परिसर में सफाई व्यवस्था भी चरमराई हुई है। शौचालयों की दशा बहुत खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अगर कॉलेज प्रशासन ने रिक्त पदों, कॉलेज परिसर की साफ-सफाई और शौचालयों की दशा को जल्द नहीं सुधरा तो एबीवीपी इकाई कॉलेज प्रशासन के खिलाफ बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेगी। इस अवसर पर एबीवीपी इकाई उपाध्यक्ष अभिषेक सोहारू, आशीष ढटवालिया, साहिल सांख्यान, अंशुल शर्मा, कोमल, तनु और विशाली सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।