सरकार की नीतियों के खिलाफ गरजे सीटू कार्यकर्ता
महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में सरकार को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। बिझड़ी कस्बा में सीटू के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में रोष रैली निकाली। डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार मजदूरों के विरोध में काम कर रही है। कामगारों को मनरेगा में रोजगार नहीं मिल पा रहा है। ऊपर से महंगाई ने गरीब तबके का जीना हराम कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि मजदूरों की दिहाड़ी 200 की बजाय 400 की जाए।
बिजली-पानी के बिलों में की बढ़ोतरी को वापस लिया जाए। बसों के किराये में हुई 25 फीसदी वृद्धि को वापस लिया जाए। हर तरफ महंगाई हो रही है, लेकिन कामगारों को मिलने वाली दिहाड़ी-मजदूरी में कोई वृद्धि नहीं हो रही है। इसके बाद सीटू कार्यकर्ताओं ने बीडीओ कार्यालय में ज्ञापन भी सौंपा। रोष रैली में क्षेत्र के कई पंचायतों के प्रधानों ने भी भाग लिया। सोहारी पंचायत के प्रधान धर्म सिंह ने लोगों को बताया कि जो लोग अभी-अभी मनरेगा से जुड़े हैं या कहीं पर भी श्रमिक के रूप में कार्य कर रहे हैं, वे भी सीटू में अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।