हमीरपुर। जिलेभर के 400 प्राथमिक स्कूलों में 30 सितंबर तक प्री-प्राइमरी कक्षाओं में दाखिला प्रक्रिया चलेगी। प्री-प्राइमरी के साथ इस बार पहली कक्षा में दाखिले को लेकर विद्यार्थियों को छूट प्रदान की गई है।
निदेशालय से जारी अधिसूचना के बाद प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रमुखों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्देशों के अनुसार अब 30 सितंबर तक तीन वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नौनिहालों को अप्रैल माह से ही स्कूल में बाल वाटिका एक में दाखिला मिलेगा।
विद्यार्थियों को प्री-प्राइमरी कक्षाओं के लिए तय बाल वाटिका प्लानर एक, दो और तीन से पढ़ाई करवाई जाएगी। वहीं, 30 सितंबर तक छह वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को पहली कक्षा में दाखिल मिलेगा। सत्र के शुरू होते ही विद्यार्थी पहली कक्षा में दाखिला ले सकेंगे। विद्यार्थियों की आयु अवधि और पढ़ाई को ध्यान में रखकर विभाग की ओर से छह माह तक की छूट प्रदान की गई है, ताकि अप्रैल माह के बाद तय आयु पूरी करने वाले विद्यार्थियों का सत्र खराब न हो।
स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया सितंबर माह तक जारी रहने के बाद अध्यापक देरी से दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए अलग से रोचक व ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन करेंगे, जिससे उन्हें छूटे हुए पाठ्यक्रम और अन्य विद्यार्थियों के साथ पढ़ाई करने में सुविधा मिलेगी। वर्तमान में जिलेभर के 400 प्राथमिक स्कूलों में प्री-प्राइमरी कक्षाएं संचालित हैं।
स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को ऑनलाइन, आफलाइन, खेल-खेल के माध्यम से पढ़ाई करवाई जा रही है, ताकि विद्यार्थियों को पहली कक्षा में दाखिले से पूर्व बोलने, लिखने और पढ़ाई में निपुण बनाया जा सके।
कोट
जिलेभर के प्राथमिक स्कूलों में 30 सितंबर तक पहली कक्षा, जबकि 400 स्कूलों में प्री-प्राइमरी कक्षाओं में दाखिले चलेंगे। स्कूल प्रभारियों को इस संबंध में दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
-कमल किशोर भारती, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर