दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ महाविद्यालय चकमोह में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीए, बीकॉम और बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी 19 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्री-एडमिशन काउंसलिंग की भी व्यवस्था की है।
महाविद्यालय परिसर में 12 से 19 जून तक प्री-एडमिशन काउंसलिंग आयोजित की जाएगी, जहां विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया और विषय चयन संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा। प्रथम वर्ष की मेरिट सूची 20 जून को शाम 5 बजे तक महाविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थी 21 से 23 जून तक ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश शुल्क जमा करवा सकेंगे।
वहीं, महाविद्यालय में अध्ययनरत द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थी रोल ऑन आधार पर 19 जून तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार ठाकुर ने बताया कि नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए 30 जून को दिशा-ज्ञान दिवस का आयोजन किया जाएगा, जबकि नियमित कक्षाएं एक जुलाई से आरंभ होंगी। उन्होंने विद्यार्थियों से निर्धारित समयावधि के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है।