कुठियाना में हाई वोल्टेज लाइन का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम निशांत शर्मा व अन्य अधिकारी। स्रोत
रंगस/नादौन(हमीरपुर)। ग्राम पंचायत नौहंगी के तहत गांव कुठियाना में आबादी के ऊपर से गुजर रही 11 और 33 केवी हाई वोल्टेज बिजली लाइनों को शिफ्ट करने संबंधी शिकायत पर वीरवार को एसडीएम निशांत शर्मा की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया।
यह कार्रवाई 16 जुलाई को हमीरपुर में विधायक सुरेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में की गई।
शिकायतकर्ता डॉ. हंसराज स्याल ने समिति के समक्ष आवेदन देकर उनके घर के ऊपर से गुजर रहीं हाई वोल्टेज लाइनों को आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग की थी। निरीक्षण के दौरान बिजली बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा स्थिति में पोल और लाइन शिफ्ट करने के लिए पर्याप्त तकनीकी स्थान उपलब्ध नहीं है, इसलिए फिलहाल यह संभव नहीं दिख रहा है।
एसडीएम निशांत शर्मा ने कहा कि तकनीकी टीम की रिपोर्ट के बावजूद विभाग और स्थानीय पंचायत के सहयोग से आसपास के निजी भूमि मालिकों से बातचीत कर पोल शिफ्टिंग के लिए आवश्यक तकनीकी स्पेस उपलब्ध कराने की संभावनाएं तलाशने का प्रयास किया जाएगा।
निरीक्षण रिपोर्ट जल्द जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति को भेजी जाएगी। निरीक्षण के दौरान बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता हिमेश धीमान, सहायक अभियंता संदीप, ग्राम पंचायत के प्रधान प्यार चंद, शिकायतकर्ता डॉ. हंसराज स्याल और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।