अतिरिक्त उपायुक्त रूपाली ठाकुर ने जिला प्रशासन, हीरा नगर और कृष्ण नगर वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में मुठान में आयोजित जिला स्तरीय राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
उन्होंने कहा कि बुजुर्ग परिवार की नींव होते हैं और सबको बुजुर्गों का आदर करना चाहिए। रूपाली ठाकुर कहा कि बुजुर्ग परिवार को एक धागे में पिरो कर रखते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के प्रत्येक सदस्य को बुजुर्गों की देखरेख का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से वृद्ध आश्रम के लिए एक लाख रुपये की धन राशि स्वीकृत की गई है। इस अवसर पर वृद्ध जनों की स्वास्थ्य जांच के लिए जिला अस्पताल ने निशुल्क शिविर लगाया। डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें स्वस्थ रहने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी।
एडीसी ने वयोवृद्ध चितरू राम (107), मेजर राम नाथ शर्मा (83), प्रधान सीनियर सिटीजन काउंसिल ज्ञान चंद शर्मा, आरसी कपिल (81), इकबाल ठाकुर, केके खन्ना, सोहाली देवी (106), रूपम देवी (82), ब्यासां देवी (81), अंती देवी (80) को सम्मानित किया।
इस मौके पर वरिष्ठ नागरिक केके कटोच, एनके शर्मा, हरी सिंह कंवर, डॉ. विनोद शर्मा, ई. शक्ति सिंह कंवर, कर्नल एमआर भारद्वाज, आरसी अत्री, योगेंद्र कौशल ने अपने अनुभव मंच पर सांझा किए।
जिला कल्याण अधिकारी संजीव शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी उर्मिल पटियाल और प्रधान ग्राम पंचायत कुठेड़ा अमन जसवाल भी उपस्थित रहे।