खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी खाद्य पदार्थों के सैंपल लेेते हुए।
हमीरपुर। जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने वीरवार को डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर से लेकर भोटा चौक तक विभिन्न जगहों पर स्थित ढाबों और खाद्य पदार्थ बेचने वाली दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभाग की ओर से घी और तेल के दो सैंपल भरे गए और उन्हें जांच के लिए कंडाघाट लैब भेज दिया गया।
वहीं एक दुकानदार द्वारा बिना लाइसेंस के ही खाद्य पदार्थ बेचे जा रहे थे। इस पर विभाग ने दुकानदार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई करने का निर्णय लिया। निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त अनिल शर्मा और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी साक्षी शर्मा ने दुकानों में जाकर खाद्य पदार्थों की जांच कर दुकानदारों को दुकानों में सफाई व्यवस्था बनाए रखने और खाद्य वस्तुओं को ढककर रखने, पानी की टंकियों को साफ रखने की हिदायत दी। जिला सहायक आयुक्त अनिल शर्मा ने कहा कि अधिकांश दुकानों में साफ-सफाई नहीं थी। वहीं एक दुकानदार बिना अनुमति के दुकान चला रहा था। जिसके ऊपर विभाग अब शीघ्र ही मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को एक सप्ताह के भीतर दुकानों में सफाई व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए गए।