भोरंज (हमीरपुर)। थाना भोरंज के तहत जाहू पंचायत के वार्ड नंबर-9 में व्यापारी जगदीश चड्ढा के घर हुई 57 लाख रुपये की चोरी के मामले में पकड़े गए आरोपी रोहित वर्मा को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि पहले से गिरफ्तार आरोपी अभिषेक की निशानदेही पर पुलिस टीम ने रोपड़ में छापेमारी कर रोहित वर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 11.55 ग्राम वजनी सोने की चूड़ी बरामद की है।
घटना 10 जून की रात की है, जब चोरों ने जाहू पंचायत के वार्ड नंबर-9 में व्यापारी के घर में घुसकर दो अलमारियों से करीब 40 तोले सोने के आभूषण और पांच लाख रुपये नकद चोरी कर लिए थे।
इससे पहले पुलिस ने अभिषेक, निवासी गांव बैहंजी (सरकाघाट), को पंजाब के रोपड़ से गिरफ्तार किया था। एसपी बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि की है। संवाद