हमीरपुर। जिस पिता पर एनडीपीएस के पांच से छह मामले दर्ज हों, उसके नशे के धंधे का साया 16 साल के बेटे तक पहुंचना चिंता का विषय है। जाहू में चिट्टा तस्करी के आरोपी के घर से 5.82 ग्राम चिट्टा बरामद होने के बाद पुलिस अब नाबालिग के नशे के सेवन और तस्करी से जुड़े सवालों के जवाब तलाश रही है।
कार्रवाई के बाद नाबालिग को बाल सुधार गृह ऊना भेजा गया है। पुलिस को क्षेत्र में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और नाबालिगों तक चिट्टा पहुंचाए जाने की शिकायतें भी मिली थीं।
शनिवार को घर पर दबिश के दौरान नाबालिग ने खुद को वॉशरूम में बंद कर लिया था। पुलिस ने उसे बाहर निकालने के बाद वॉशिंग मशीन के नीचे छिपाया गया 5.82 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। तलाशी में दो डिजिटल वेइंग मशीनें और जले हुए करंसी नोट भी मिले।
पुलिस इनकी भूमिका की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वेइंग मशीनें नशीले पदार्थ की बिक्री और जले नोट नशे के सेवन से जुड़े होने की आशंका है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग तक चिट्टा कैसे पहुंचा और क्या उसे नशे की बिक्री के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने उसका मेडिकल करवाकर रक्त का नमूना आरएफएसएल लैब भेजा है। नशे के सेवन की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद होगी।
रविवार को नाबालिग के पिता को भोरंज थाना में तलब कर पूछताछ की गई। वहीं, पुलिस पुराने मामलों और मौजूदा बरामदगी के बीच संबंधों की भी जांच कर रही है।
नाबालिग के पिता के बाहरी राज्य के तस्करों से संपर्क
नाबालिग के पिता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी पांच से छह मामले दर्ज हैं। विभिन्न मामलों की जांच में उसके हिमाचल से बाहर के चिट्टा तस्करों से संपर्क सामने आने की बात पुलिस रिकॉर्ड में है। अब पुलिस मौजूदा बरामदगी को भी पुराने मामलों और नशे के नेटवर्क से जोड़कर जांच कर रही है। पिता के खिलाफ दर्ज मामलों के बीच नाबालिग के इस मामले में पहुंचने की परिस्थितियां भी जांच का हिस्सा हैं।
कोट
नाबालिग के पिता पर पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत कई केस दर्ज हैं। मामले में हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
-बलवीर ठाकुर, एसपी हमीरपुर