पुलिस थाना सदर के अंतर्गत छमाणी के पास एक टैक्सी अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खड्ड में जा गिरी है। हादसे में टैक्सी चालक की मौत हो गई है।
पुलिस ने मामला दर्जकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंगलवार शाम करीब 5 बजे टैक्सी चालक राज कुमार (34) पुत्र सरवण सिंह निवासी खयूद, चौरी सवारियां छोड़कर कोट से अपने घर चौरी की तरफ जा रहा था।
जैसे ही राज कुमार उर्फ राजू टैक्सी (मारुति 800) लेकर छमाणी (नजदीक पुंग खड्ड) के पास पहुंचा तो कार अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क कर करीब 400 मीटर नीचे खड्ड में जा गिरी।
हादसे में राज कुमार घायन हो गया। सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने इसकी सूचना आपातकालीन सेवा 108 पर दी। इसके चलते एंबुलेंस कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर राज कुमार को करीब 6 बजे क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि राज कुमार की रास्ते में ही मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी अजय सिंह बौद्ध का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।