एनएच पर मंडप के समीप ट्रक से टकराया दोपहिया वाहन
- फोटो : Hamirpur-HP
रंगस (हमीरपुर)। शिमला-मटौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग 103 पर जोलसप्पड़ के मंडप के पास कैंची मोड़ पर ट्रक और स्कूटी में सोमवार दोपहर को टक्कर हो गई। हादसे में 17 वर्षीय स्कूटी चालक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूटी भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। घायल युवक को एंबुलेंस की सहायता से डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों ने युवक को डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया है।
ट्रक चालक अनिल कुमार निवासी जिला बिलासपुर ने बताया कि फतेहपुर में एसीसी सीमेंट के डंप पर ट्रक को अनलोड करके बिलासपुर जा रहा था। मंडप में कैंची मोड़ पर हमीरपुर से नादौन की ओर आ रही स्कूटी अनियंत्रित होकर ट्रक की डीजल टंकी से टकरा गई। स्कूटी चालक युवक घायल हो गया। पुलिस थाना नादौन के प्रभारी योगराज चंदेल ने बताया कि स्कूटी चालक 17 वर्षीय युवक वंश पुत्र वरुण कुमार निवासी गोहर कक्कड़ जिला हमीरपुर के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। दोनों वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।