सलौणी (हमीरपुर)। पुलिस चौकी भोटा के तहत भोटा-सलौणी रोड पर करेर गांव के पास बाइक और बस की टक्कर में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए हैं। लोगों ने घायलों को भोटा अस्पताल पहुंचाया। वहां पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया गया। जहां पर इनका उपचार चल रहा है। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
भोटा-सलौनी रोड पर करेर स्कूल के पास शुक्रवार दोपहर एक बाइक सामने से आ रही बस से टकरा गई। इस बाइक को प्रवीण कुमार पुत्र मान सिंह निवासी गांव डमियाणा चला रहा था और उसके मामा का लड़का राजेश कुमार निवासी रैली जजरी पीछे बैठा था। बाइक भोटा से सलौनी की तरफ और बस सलौनी से भोटा की ओर जा रही थी। करेर स्कूल के पास मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक से चालक ने नियंत्रण खो दिया और बाइक सामने से आ रही बस से जा टकराई। टक्कर के बाद बाइक बस के नीचे घुस गई। इस कारण दोनों सवारों को चोटें आई हैं। भोटा चौकी प्रभारी सुखदेव का कहना है कि भोटा में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया गया है। मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।